खेल

‘हनुमान अंश 2’ में दिख सकते हैं विराट-अनुष्का? निर्माता के बयान से चर्चा तेज

नई दिल्ली (एजेंसी)। बॉक्स ऑफिस पर लगातार सफलता के झंडे गाड़ रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ के अगले भाग को लेकर सिनेप्रेमी बेहद उत्साहित हैं। नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी महिमा से जुड़ी इस फिल्म को मेकर्स ने शुरू से ही तीन भागों की फ्रेंचाइजी के तौर पर प्लान किया था। अब इसके सीक्वल यानी ‘हनुमान अंश 2’ में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की मौजूदगी को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं।

फिल्म की निर्माता नम्रता सिंह ने हाल ही में खुलासा किया कि सीक्वल के लिए कई नामचीन हस्तियों से बातचीत चल रही है। जब उनसे विराट और अनुष्का के कैमियो के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर तो कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की, लेकिन यह संकेत जरूर दिया कि मेकर्स ने कुछ बड़ी शख्सियतों से संपर्क साधा है। चूंकि विराट और अनुष्का नीम करोली बाबा के प्रति अटूट आस्था रखते हैं और अकसर उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए जाते रहते हैं, इसलिए इस बात की संभावना जताई जा रही है कि वे पर्दे पर नजर आ सकते हैं।

अगले भागों में क्या होगी कहानी?

दूसरा भाग: यह पूरी तरह से कैंची धाम के इतिहास और नीम करोली बाबा के भारतीय भक्तों पर उनके आध्यात्मिक प्रभाव के इर्द-गिर्द बुना जाएगा।

तीसरा भाग: इसमें नीम करोली बाबा से प्रभावित अंतरराष्ट्रीय हस्तियों और दुनिया भर में उनके फैले संदेशों को उजागर करने की योजना है।

निर्माता नम्रता सिंह ने बताया कि वह और सह-निर्माता विशाल खुद कई दशकों से नीम करोली बाबा के अनुयायी रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य संतों के जीवन और उनकी सीख को जन-जन तक पहुंचाना है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ की धाक

रिलीज के 35 दिनों बाद भी फिल्म की कमाई में कोई बड़ी गिरावट नहीं आई है। फिल्म ने 34वें दिन ₹10.25 करोड़ का शानदार कारोबार किया, जबकि 35वें दिन का कलेक्शन ₹7.02 करोड़ रहा। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ₹160.15 करोड़ तक पहुंच गया है। फिलहाल, फैंस को मेकर्स की तरफ से स्टार कास्ट को लेकर आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button