
T20I रिकॉर्ड्स : भारत के खिलाफ सबसे सफल टीम बनने की ओर न्यूजीलैंड के कदम
स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। विशाखापट्टनम में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 50 रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। हालांकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है, लेकिन विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर किए गए ‘एक्सपेरिमेंट’ इस मैच में भारी पड़ गए। पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरी भारतीय बल्लेबाजी 215 रनों के बड़े लक्ष्य के सामने बिखर गई और पूरी टीम महज 165 रनों पर सिमट गई।
कीवी टीम ने वेस्टइंडीज को छोड़ा पीछे
इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी 11वीं जीत दर्ज की है। इसी के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज (10 जीत) को पछाड़ते हुए भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली तीसरी टीम का दर्जा हासिल कर लिया है। अब कीवी टीम की नजरें साउथ अफ्रीका के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर हैं।
कौन है भारत का सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी?
आंकड़ों पर गौर करें तो दक्षिण अफ्रीका फिलहाल इस सूची में टॉप पर है, लेकिन न्यूजीलैंड जिस लय में है, वह जल्द ही नंबर-1 बन सकता है।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा T20I जीत दर्ज करने वाली टीमें:
टीम,जीत की संख्या,मैचों की कुल संख्या
दक्षिण अफ्रीका,13,35
इंग्लैंड,12,23
ऑस्ट्रेलिया,12,31
न्यूजीलैंड,11,29
वेस्टइंडीज,10,30
पाकिस्तान का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के बराबर
हैरानी की बात यह है कि कट्टर प्रतिद्वंदी माना जाने वाला पाकिस्तान इस सूची में काफी नीचे है। भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत का आंकड़ा जिम्बाब्वे के बराबर (3 जीत) ही है। पाकिस्तान ने भारत को पहली बार 2012 में हराया था, उसके बाद 2021 विश्व कप और फिर 2022 एशिया कप में उन्हें जीत नसीब हुई थी।
















