छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गन्ना किसानों को बड़ी राहत : अब मिलेगा 425 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य, बोनस से बढ़ेगी आमदनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के गन्ना उत्पादक किसानों के आर्थिक उत्थान की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। अब किसानों से गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इसके अलावा, किसानों को बोनस का अतिरिक्त लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। हाल ही में सूरजपुर जिले के केरता स्थित माँ महामाया शक्कर कारखाने में आयोजित एक कृषक चौपाल एवं आभार कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों के बीच बोनस राशि का वितरण किया।

खेती को लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने अन्नदाताओं को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरगुजा क्षेत्र के किसानों की मांग पर स्थापित इस शक्कर कारखाने को अब और अधिक उन्नत बनाने तथा मूल्यवर्धन (वैल्यू एडिशन) पर ध्यान दिया जा रहा है।

पारंपरिक खेती के दायरे से आगे बढ़कर किसानों से धान के साथ-साथ दलहन और तिलहन जैसी वैकल्पिक फसलें उगाने की भी अपील की गई। सरकार की ओर से फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर अन्य फसलें उगाने वाले किसानों को 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है।

जैविक खेती और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की सलाह

कृषि मंत्री ने रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आगाह किया। उन्होंने किसानों से कम पानी और संतुलित उर्वरकों के इस्तेमाल वाली आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते और जिला कलेक्टर रेना जमील सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे। अधिकारियों ने कारखाने की रिकवरी दर बढ़ाने और गन्ने के रकबे का विस्तार करने के लिए भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की, जिससे क्षेत्र के किसानों को और अधिक आर्थिक लाभ मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button