दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों ने पहचान पूछकर किया हमला, छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों ने गंवाई जान

जम्मू-कश्मीर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक बार फिर आम नागरिकों को निशाना बनाया है। केल्लाम क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों से पहले उनकी पहचान पूछी गई और उसके बाद उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दी गईं। इस दुखद घटना में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में की गई है। एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा।
यह घटना अप्रैल में पहलगाम में हुए हमले से मिलती-जुलती है, जहाँ पीड़ितों की पहचान उजागर करवाकर उन्हें निशाना बनाया गया था।
राज्य सरकार की प्रतिक्रिया और राहत का आश्वासन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस जघन्य वारदात पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना को कायराना हरकत करार दिया और दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
सुरक्षा बलों का व्यापक तलाशी अभियान
घटना के तुरंत बाद पुलिस, भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों को पकड़ने के लिए आसपास के जंगलों और संदिद्ध ठिकानों पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, और जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
















