जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आए मंत्री राजेश अग्रवाल, स्टेशनरी दान अभियान का बने हिस्सा

रायपुर। लखनपुर में वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मिशन एजुकेशन’ द्वारा एक विशेष स्टेशनरी दान अभियान आयोजित किया गया। इस सामाजिक पहल में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने व्यक्तिगत रूप से शिरकत की और बच्चों के लिए पठन-पाठन की सामग्री भेंट की।
मिशन एजुकेशन की इस मुहिम के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल, इरेज़र और ज्योमेट्री बॉक्स जैसी अनिवार्य शैक्षणिक चीजें बांटी जा रही हैं, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे की प्राथमिक शिक्षा में रुकावट न आए।
इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने का पूर्ण अधिकार है। जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करना केवल संसाधनों का वितरण नहीं है, बल्कि यह उनके सुनहरे कल को तराशने की दिशा में एक सार्थक कदम है। उन्होंने समाज के सक्षम वर्गों से अपील की कि वे आगे आएं और अपनी क्षमता अनुसार ऐसे प्रयासों में सहयोग दें, क्योंकि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े सामाजिक बदलाव का आधार बनते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी स्थिति में गरीबी बच्चों की प्रतिभा और सपनों के आड़े नहीं आनी चाहिए। सही समय पर मिला शैक्षणिक सहयोग बच्चों में आत्मविश्वास जगाता है। मंत्री अग्रवाल ने मिशन एजुकेशन के इस संवेदनशील प्रयास की सराहना करते हुए आम जनता से भी इस तरह के सामाजिक अभियानों से जुड़ने का आग्रह किया।
















