राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में बड़ी चिकित्सा सफलता : 26 सप्ताह के गर्भ जितने बड़े ट्यूमर का हुआ सफल ऑपरेशन

रायपुर। राजनांदगांव स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने एक बेहद जटिल सर्जरी को सफलता पूर्वक अंजाम दिया है। डॉक्टरों की टीम ने एक महिला के पेट से 26 सप्ताह के भ्रूण के आकार का विशाल ‘ब्रॉड लिगामेंट फाइब्रॉयड’ (ट्यूमर) सुरक्षित बाहर निकालकर उसे नई जिंदगी दी है।
स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मीना आरमो ने जानकारी दी कि यह ट्यूमर गर्भाशय के अंदर न होकर उसकी बाईं तरफ बाहर की ओर विकसित हुआ था। यह नॉन-कैंसरस (गैर-कैंसरकारी) ट्यूमर था। मूत्रवाहिनी (यूरेटर) और मुख्य रक्त वाहिकाओं के बेहद करीब होने के कारण इस शल्य चिकित्सा में जोखिम काफी अधिक था।
शुरुआती यूएसजी और सीटी स्कैन रिपोर्ट में गर्भाशय के कैंसर की आशंका जताई गई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने ‘स्टेजिंग लैप्रोटॉमी’ तकनीक से ऑपरेशन की योजना बनाई। हालांकि, सर्जरी के दौरान पेट में चीरा लगाने पर स्पष्ट हुआ कि यह कैंसर नहीं बल्कि ब्रॉड लिगामेंट फाइब्रॉयड है। इसके बाद चिकित्सकों ने बेहद सतर्कता और कुशलता से ट्यूमर को निकाल दिया।
सफल ऑपरेशन के बाद गर्भाशय, ओवरी, ट्यूब और ट्यूमर के सैंपल को आगे की जांच के लिए पैथोलॉजी लैब भेजा गया है। मरीज की हालत अब पूरी तरह से स्थिर है और वह तेजी से रिकवर कर रही है। राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में आधुनिक तकनीकों से हो रहे इन जटिल ऑपरेशनों से स्थानीय व आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को अब जिले में ही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
















