भारत-लाइबेरिया संबंधों को मिलेगी नई धार : दो दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं विदेश मंत्री सारा न्यांती

नई दिल्ली (एजेंसी)। पश्चिम अफ्रीकी देश लाइबेरिया और भारत के बीच कूटनीतिक और रणनीतिक रिश्तों को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेसोलो न्यांती गुरुवार को दो दिनों की अधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को अफ्रीका-भारत साझेदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया है। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह दौरा दोनों राष्ट्रों के बहुआयामी एवं घनिष्ठ संबंधों को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा। अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री न्यांती हैदराबाद हाउस में भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी।
साउथ-साउथ कोऑपरेशन और संसदीय प्रतिनिधिमंडल का दौरा
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब लाइबेरिया का 15-सदस्यीय उच्चस्तरीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल पहले से ही 10 से 15 अगस्त तक भारत के अध्ययन दौरे पर है। एलेन ए. अट्टोह-रेह के नेतृत्व में आए इस दल में लाइबेरिया की सीनेट, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सचिवालय के सदस्य शामिल हैं।
हाल ही में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इस प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर ‘ग्लोबल साउथ’ (वैश्विक दक्षिण के विकासशील देशों) के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दोहराया।
यूएन विमेन एवं आईबीएसए (IBSA) की पहल: यह प्रतिनिधिमंडल “लाइबेरिया की महिला विधि निर्माता: सतत विकास, नेतृत्व, समान भागीदारी और आवाज मुखर करने में सहायक” परियोजना के तहत भारत आया है। इस कार्यक्रम को भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के संयुक्त ‘आईबीएसए फंड’ (IBSA Fund) तथा ‘यूएन विमेन’ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
व्यापार और हरित ऊर्जा में बढ़ती साझेदारी
भारत और लाइबेरिया के बीच व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और क्षमता निर्माण (Capacity Building) के क्षेत्रों में लंबे समय से मजबूत सहयोग रहा है। संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों पर भी दोनों देश एक-दूसरे का समर्थन करते आए हैं। इसके अलावा, दोनों देश अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) और अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस (IBCA) जैसे वैश्विक मंचों के जरिए पर्यावरण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी अपनी साझेदारी को लगातार विस्तार दे रहे हैं।
















