महतारी वंदन योजना : छत्तीसगढ़ में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया आधार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित ‘महतारी वंदन योजना’ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। राज्य सरकार द्वारा प्रतिमाह दी जाने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं न केवल अपनी दैनिक घरेलू जरूरतों को पूरा कर रही हैं, बल्कि बच्चों की शिक्षा, पोषण और बेटियों के सुनहरे भविष्य की नींव भी रख रही हैं।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम जमगवां की निवासी उर्मिला यादव इस योजना की एक प्रमुख लाभार्थी हैं। उर्मिला बताती हैं कि योजना के तहत हर महीने बैंक खाते में प्राप्त होने वाली राशि से उन्हें परिवार के नियमित खर्चों और बच्चों के खान-पान को व्यवस्थित करने में बहुत आसानी हुई है। इस निरंतर वित्तीय सहायता से उनके घर का बजट संतुलित हुआ है।
बेटी के भविष्य के लिए सुरक्षित बचत
योजना से मिलने वाली सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए उर्मिला यादव ने अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया है। वे हर महीने मिलने वाली राशि में से 200 रुपये अपनी बेटी के इस खाते में जमा करती हैं। इस तरह महतारी वंदन योजना न केवल उनकी वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा कर रही है, बल्कि उनकी बेटी के सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए भी वित्तीय आधार तैयार कर रही है।
उर्मिला के अनुसार, पहले सीमित संसाधनों के कारण परिवार की जरूरतों और बचत के बीच तालमेल बिठाना कठिन होता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली निश्चित राशि से उन्हें काफी राहत मिली है।
महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि
बैंक खातों में सीधे राशि ट्रांसफर होने से महिलाओं की परिवार के आर्थिक निर्णयों में भागीदारी और प्रभावशीलता बढ़ी है। यह योजना महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के संबंध में स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अवसर दे रही है। नियमित आर्थिक मदद ने महिलाओं में आत्मनिर्भरता और आत्म-सम्मान की भावना को मजबूत किया है।
उर्मिला यादव ने इस दूरदर्शी पहल के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं की खुशहाली और स्वावलंबन के लिए एक अत्यंत उपयोगी कदम है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं अब अधिक सशक्त होकर अपने परिवार और समाज के विकास में योगदान दे रही हैं।
















