टॉप न्यूज़

उत्तरी नेपाल में भोटे कोशी का कहर : भयंकर बाढ़ में 7 जिंदगियां खत्म, सशस्त्र पुलिस जवानों समेत कई लापता

नेपाल (एजेंसी)। नेपाल के सीमावर्ती रसुवा जिले में बुधवार को भोटे कोशी नदी में आए अचानक उफान ने व्यापक तबाही मचाई है। तिब्बत सीमा के समीप बसे इस इलाके में flood के पानी ने मकानों, सड़कों, वाहनों और पुलों को ध्वस्त कर दिया। इस आपदा में अब तक 7 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग गायब हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से सुरक्षा बल राहत और बचाव कार्य में चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

लापता लोग और प्रभावित जलविद्युत परियोजनाएं

सशस्त्र बल व कर्मचारी लापता: सीमा पर तैनात नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के 4 जवान और रसुवा कस्टम ऑफिस के 14 कर्मी बाढ़ के बाद से संपर्क से बाहर हैं।

पावर प्रोजेक्ट्स को झटका: जलविद्युत उत्पादक संघ के अनुसार 15 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स प्रभावित हुए हैं, जिनमें 10 चालू और 5 निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

तिमुरे और स्याब्रुबेसी में सबसे ज्यादा तबाही

स्थानीय समय अनुसार सुबह लगभग 9 बजे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, जिसका मुख्य कारण तिब्बत की तरफ से आया पानी माना जा रहा है। तिमुरे और स्याब्रुबेसी क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। रसुवा के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना और नेपाल सेना के मुताबिक, कस्टम परिसर में खड़े कई वाहन, हाल ही में निर्मित पुल और व्यावसायिक सामान पानी में बह गए।

5 निचले जिलों में अलर्ट जारी

राजधानी काठमांडू से करीब 125 किलोमीटर दूर स्थित लगभग 50 हजार की आबादी वाला रसुवा जिला बुरी तरह प्रभावित है। रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी नरेंद्र परियार ने बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका जताई है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रसुवा के अलावा नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और गोरखा जिलों के नदी तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button