ब्रिक्स शिखर सम्मेलन : जयपुर के 300 कारीगरों ने तैयार किया खास सिल्वर-प्लेटेड टेबलवेयर

नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली में आयोजित हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने आ रहे विदेशी प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। इस दौरान मेहमानों को दिए जाने वाले भोजन के साथ-साथ उसे परोसने के लिए उपयोग किए जाने वाले बर्तनों में भी भारतीय संस्कृति और शिल्प कला की स्पष्ट छाप नजर आएगी। इस विशेष आवभगत के लिए जयपुर के लगभग 300 कुशल कारीगरों ने मिलकर खूबसूरत सिल्वर-प्लेटेड टेबलवेयर और कटलरी का निर्माण किया है।
व्यंजनों की विविधता के अनुरूप अनूठे डिजाइन
अरुण्स ग्रुप के सीईओ अरुण पाबुवाल और निदेशक अंतरा पाबुवाल के अनुसार, इस पूरे कलेक्शन को तैयार करने में पारंपरिक हस्तकला के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। हर व्यंजन के स्वभाव को ध्यान में रखते हुए बर्तन डिजाइन किए गए हैं। उदाहरण के तौर पर, रूसी पकवानों और भारतीय व्यंजनों को परोसने के लिए अलग-अलग शैली के बर्तनों की व्यवस्था की गई है। वेलकम ड्रिंक, मुख्य भोजन से लेकर डेजर्ट तक के लिए विशेष आकार और पैटर्न तैयार किए गए हैं।
पांच महीने की मेहनत और 70 तरह के उत्पाद
इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में करीब 4 से 5 महीने का समय लगा, जिसमें डिजाइनिंग से लेकर प्रोटोटाइप और फाइनल प्रोडक्शन शामिल है। शुरुआत में सीमित सामान का ऑर्डर था, लेकिन धीरे-धीरे मांग के हिसाब से 60 से 70 तरह की अलग-अलग वस्तुएं बनाई गईं।
कलेक्शन की मुख्य विशेषताएं:
शॉल ट्रे: मेहमानों को शॉल या कंबल भेंट करने के लिए एक विशेष ट्रे तैयार की गई है।
लार्ज फिंगर बाउल: विदेशी प्रतिनिधियों की सुविधा को देखते हुए सामान्य से बड़े आकार का फिंगर बाउल बनाया गया है।
निर्माताओं के अनुसार, इतने बड़े वैश्विक आयोजन के लिए सबसे बड़ी चुनौती पुरानी कला से कुछ नया और बेहतर पेश करने की थी, जिसे जयपुर के कारीगरों ने पारंपरिक और आधुनिकता के तालमेल से सफलतापूर्वक पूरा किया।
















