जन-जन तक पहुँचेगा 25 सालों का ‘सेवा संकल्प अभियान’

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों का संदेश आम जनता तक पहुँचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इस सिलसिले में राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एक वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, राजेश अग्रवाल तथा अभियान की पूरी टीम मौजूद रही, जहाँ मुख्य रूप से ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ विषयों पर आगे की रणनीति तय की गई।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की पिछले 25 वर्षों की सेवा यात्रा हर नागरिक के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य उन सकारात्मक बदलावों और जनसेवा के अनुभवों को घर-घर तक पहुँचाना है, जो इस अवधि के दौरान हासिल किए गए हैं।
बैठक में तय हुआ कि ‘सेवा की कहानी’ के ज़रिए जनकल्याण के प्रेरक किस्सों को उजागर किया जाएगा, जबकि ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से आम लोगों को सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान का अंतिम उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ाकर ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करना है। इस दौरान आने वाले कार्यक्रमों के जमीनी क्रियान्वयन और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया गया।
















