वोकल फॉर लोकल : मंत्री टंक राम वर्मा ने पंडरी बाजार से खरीदे दीये, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का दिया संदेश

रायपुर। दीपावली के पावन अवसर पर स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का प्रभावी संदेश दिया। उन्होंने रायपुर के पंडरी बाजार पहुंचकर खुद मिट्टी के दीये खरीदे और आम जनता से भी स्वदेशी एवं स्थानीय सामान अपनाने का आग्रह किया।
मंत्री वर्मा ने कहा कि त्योहारों की असली सार्थकता दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने में हर नागरिक का योगदान आवश्यक है। जब हम स्थानीय विक्रेताओं और कुम्हारों से वस्तुएं खरीदते हैं, तो इससे न केवल उनकी मेहनत और हुनर का सम्मान होता है, बल्कि उनके परिवारों की आजीविका को भी बड़ा सहारा मिलता है।
उन्होंने मिट्टी के दीयों के सांस्कृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीये हमारी प्राचीन परंपरा, लोककला और मिट्टी की खुशबू के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि इस बार सजावटी सामान, पूजा सामग्री और दीये स्थानीय शिल्पकारों से ही खरीदें ताकि आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की नींव और मजबूत हो सके। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संकल्प लेने को कहा कि इस पर्व पर जलने वाला हर दीया किसी जरूरतमंद के घर में भी खुशियों की रोशनी फैलाए।
















