पीएम आवास योजना 2.0 : मिट्टी की झोपड़ी छोड़ पक्के मकान में शिफ्ट हुआ सुखदेव का परिवार

बेमेतरा। बेमेतरा जिले की देवकर नगर पंचायत (वार्ड नंबर 11) में रहने वाले सुखदेव साहू के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 उम्मीद की एक नई किरण बनकर आई है। वर्षों तक कच्चे और जर्जर मकान में परेशानियों भरा जीवन बिताने के बाद, अब उनका पूरा परिवार अपने खुद के सुरक्षित और सुसज्जित पक्के आशियाने में रह रहा है।
मुनादी से मिली योजना की जानकारी
खेती-किसानी का काम करने वाले सुखदेव की आर्थिक हालत ऐसी नहीं थी कि वे अपने दम पर पक्का घर बनवा सकें। जब देवकर नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र में योजना का प्रचार-प्रसार और मुनादी कराई गई, तब उन्हें इस सरकारी पहल के बारे में पता चला। सुखदेव ने तुरंत नगर पंचायत दफ्तर जाकर जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की। सभी दस्तावेज जमा करने के महज दो से चार महीनों के भीतर उनके आवेदन को स्वीकृति मिल गई।
चरणबद्ध तरीके से मिला वित्तीय सहयोग
मकान का निर्माण शुरू होने के बाद, योजना के दिशानिर्देशों के तहत जैसे-जैसे काम आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे किस्तों में निर्माण राशि सीधे उनके खाते में आती गई। इस समय पर मिली वित्तीय सहायता की बदौलत सुखदेव बिना किसी रुकावट के अपने घर का निर्माण कार्य पूरा करा सके।
“योजना ने बदल दी हमारी जिंदगी”
अपनी खुशी जाहिर करते हुए सुखदेव साहू ने बताया:
“कम आमदनी की वजह से पक्का घर बनाना मेरे लिए एक सपने जैसा था। जब नगर पंचायत की मुनादी से योजना की जानकारी मिली, तो मैंने तुरंत आवेदन किया और कुछ ही महीनों में स्वीकृति मिल गई। काम के अलग-अलग चरणों पर समय से किस्तें मिलती गईं और आज हमारा अपना पक्का घर बनकर तैयार है। इस बदलाव के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”
पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 जैसी योजनाएं न केवल जरूरतमंदों को सिर छिपाने के लिए छत दे रही हैं, बल्कि कमजोर आय वर्ग के परिवारों को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन जीने का आधार भी प्रदान कर रही हैं।
















