सेवा संकल्प अभियान : महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हितग्राहियों से जाना योजनाओं का हाल

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय योजनाओं का प्रभाव जानने और आम जनता से जुड़ाव बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री व भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ग्राम कुंजनगर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं और विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों से सीधी चर्चा की।
मंत्री राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं से विशेष बातचीत की। उन्होंने महिलाओं से समझा कि किस प्रकार सरकार द्वारा मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके दैनिक जीवन, पारिवारिक खर्चों और मातृत्व देखभाल में मददगार साबित हो रही है। बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि इन योजनाओं से उन्हें न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का सामाजिक व आर्थिक उत्थान करना और परिवार में बेहतर पोषण सुनिश्चित करना है। सेवा संकल्प अभियान के जरिए प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि योजनाओं की जमीनी हकीकत का पता चल सके।
ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मंत्री ने उनके अनुभवों को सराहा। कुंजनगर में आयोजित यह जनसंवाद महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक मौजूद रहे।
















