देश-विदेश

6 नवंबर से फिलीपींस के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, आसियान और ईस्ट एशिया समिट में होंगे शामिल

नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 16 नवंबर से फिलीपींस की राजधानी मनीला की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। 16 से 18 नवंबर तक चलने वाले इस दौरे का मुख्य केंद्र समुद्री सुरक्षा में साझेदारी बढ़ाना और द्विपक्षीय व्यापार व निवेश के रिश्तों को नई ऊंचाई देना है। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी वार्षिक भारत-आसियान (ASEAN) शिखर सम्मेलन और ईस्ट एशिया समिट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने एक प्रेस वार्ता में इस यात्रा का पूरा ब्योरा साझा किया। उन्होंने जानकारी दी कि फिलीपींस वर्तमान में 11 सदस्यीय आसियान समूह की अध्यक्षता कर रहा है और इस वर्ष के शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ तय की गई है। मनीला में 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा वैश्विक नेताओं के सम्मान में दिए जाने वाले रात्रिभोज में शिरकत करेंगे और कई देशों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। विदेश मंत्रालय वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों की मांग को देखते हुए प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम में उनसे मुलाकात का समय निकालने का भी प्रयास कर रहा है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र और व्यापार समझौते पर फोकस

इन महत्वपूर्ण बैठकों के माध्यम से भारत हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र में समान सोच रखने वाले देशों के साथ समुद्री सहयोग को मजबूत करने की पैरवी करेगा। रुद्रेंद्र टंडन के अनुसार, भारत और आसियान की गहरी साझेदारी बदलते वैश्विक और भू-राजनीतिक हालातों का सामना करने में दोनों पक्षों को अधिक सशक्त बनाएगी। वहीं, आसियान-भारत माल व्यापार समझौते (AITIGA) की समीक्षा को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इसे जल्द से जल्द पूरा करने के पक्ष में है और इस दिशा में वार्ता सक्रिय रूप से चल रही है।

म्यांमार पर स्पष्ट नीति और क्वाड बैठक को लेकर अटकलें

म्यांमार के मौजूदा हालातों पर भारत का दृष्टिकोण रखते हुए विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि किसी देश को अलग-थलग करना समस्या का समाधान नहीं है, क्योंकि इससे पैदा होने वाले खालीपन का फायदा कोई अन्य शक्ति उठा सकती है। भारत ने म्यांमार की जटिल सामाजिक और ऐतिहासिक परिस्थितियों को समझते हुए वहां की सत्ता के साथ संवाद बनाए रखने के आसियान के प्रयासों का समर्थन किया है।

दूसरी ओर, कूटनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि मनीला दौरे के दौरान पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज और जापानी पीएम साने ताकाइची के साथ वार्षिक क्वाड (Quad) समिट में हिस्सा ले सकते हैं। पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इसके संकेत दिए थे, हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने फिलहाल इस बैठक को लेकर किसी भी आधिकारिक जानकारी से इनकार किया है। गौरतलब है कि पिछले साल भारत में प्रस्तावित क्वाड सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे पर स्थिति स्पष्ट न हो पाने के कारण आयोजित नहीं हो सका था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button