छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में मिली 182 करोड़ रुपए की सौगात, कृषि मंत्री रामविचार नेताम हुए शामिल

रायपुर। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने शिरकत की। इस सम्मेलन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यमंत्री की उपस्थिति में रबी फसल की रूपरेखा और कृषि विकास की रणनीतियों पर मंथन किया गया।
सम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 182 करोड़ रुपए की राशि का आवंटन किया है, जिसका आधिकारिक पत्र मंत्री रामविचार नेताम को सौंपा गया। इस वित्तीय सहायता से राज्य में ‘विकसित संकल्प अभियान’ और ‘खेत बचाओ अभियान’ को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंत्री नेताम ने बताया कि इस राशि का उपयोग मुख्य रूप से दलहन और तिलहन का रकबा बढ़ाने, खेती की लागत को कम करने, और किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए किया जाएगा। साथ ही, केंद्र और राज्य की नीतियों के बेहतर तालमेल से आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर छत्तीसगढ़ के किसानों को अधिकाधिक लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के किसानों की ओर से इस आर्थिक सहयोग के लिए मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है।
















