छत्तीसगढ़

एशिया कप विजेता हॉकी खिलाड़ी गीता यादव का सम्मान, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा में दी बधाई

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने हाल ही में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी गीता यादव से अपने कवर्धा स्थित निवास पर मुलाकात की। उन्होंने गीता की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि जिले की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरे प्रदेश का नाम ऊंचा किया है।

इस दौरान डिप्टी सीएम ने गीता के खेल के अनुभवों, प्रशिक्षण की परिस्थितियों और उनके आगामी लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग देने और प्रतिभाओं को निखारने के मुद्दों पर भी बात की।

चीन में लहराया तिरंगा, विश्व कप के लिए किया क्वालीफाई

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम से खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 13 सितंबर को हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी जगह पक्की कर ली।

मिडफील्डर के रूप में खेलने वाली गीता ने पूरे टूर्नामेंट में कुल 4 गोल दागे। उन्होंने मलेशिया के खिलाफ 11-1 से मिली बड़ी जीत में 2 गोल और जापान को 7-0 से हराने वाले मैच में भी 2 गोल करके टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

संघर्ष से सफलता का सफर

एक साधारण किसान परिवार से आने वाली गीता यादव की सफलता उनके कड़े परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गीता की यह उपलब्धि राज्य की युवा बेटियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है।

गीता ने अपनी शुरुआती हॉकी कोचिंग ट्रेनर शिवा चौहान से ली। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर के ‘खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में अपने खेल में सुधार किया। राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर उनका चयन ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (TOPS) में हुआ। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम के दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाली गीता अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button