विधायक पुरंदर मिश्रा का जन्मदिवस जगन्नाथ मंदिर में उत्साहपूर्वक मना, कार्यकर्ताओं ने की दीर्घायु की कामना

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के जवाहर नगर मंडल (रायपुर जिला) द्वारा रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार दोपहर कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ जगन्नाथ मंदिर परिसर एकत्र हुए, जहां भक्ति संगीत से पूरा माहौल धर्ममय हो गया।
मंडल मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन कर महाप्रभु को नारियल, फूल एवं मिठाई अर्पित की। इस दौरान राज्य की शांति, खुशहाली और प्रगति के साथ-साथ विधायक पुरंदर मिश्रा के लंबे, स्वस्थ और यशस्वी जीवन के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान मंडल के पदाधिकारियों ने विधायक मिश्रा को शाल, गमछा, पुष्पगुच्छ और श्रीफल देकर सम्मानित किया तथा जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच मिठाइयां बांटकर खुशी जताई गई।
इस अवसर पर जवाहर नगर मंडल के वरिष्ठ नेता, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















