छत्तीसगढ़

रायपुर यूथ कॉन्क्लेव : सकारात्मक सोच, मानवीय मूल्य और तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग ही सफलता की असली कुंजी

रायपुर। रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में रोल-बोल सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित ‘रोल बोल यूथ कॉन्क्लेव-2026’ में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में तरक्की हासिल करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण, मजबूत मानवीय मूल्य और निरंतर नवाचार सबसे अहम आधार हैं।

राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का स्मरण कराते हुए युवाओं को सलाह दी कि वे बीती बातों को पीछे छोड़कर और भविष्य की बेमतलब चिंता किए बिना अपना पूरा ध्यान वर्तमान पर केंद्रित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां ही सफलता का पैमाना नहीं होतीं, बल्कि परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों के साथ हमारे संबंध कैसे हैं, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। असफलता को लेकर उन्होंने कहा कि हार को एक सीख की तरह स्वीकार करना चाहिए, क्योंकि यही हमें अगली बार और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देती है।

आज के तकनीकी युग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर बात करते हुए राज्यपाल ने युवाओं को आगाह किया कि तकनीक का इस्तेमाल पूरी जिम्मेदारी और समझदारी के साथ किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर मौजूद भ्रामक जानकारियों और डीपफेक जैसी आधुनिक चुनौतियों से खुद को व समाज को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मशीनें भले ही कितनी भी बुद्धिमान हो जाएं, लेकिन मानवीय संवेदनाओं और भावनाओं का स्थान नहीं ले सकतीं। शिक्षा का असली उद्देश्य केवल जानकारी इकट्ठा करना नहीं, बल्कि समाज और मानवता का उत्थान करना है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने युवाओं को चरित्र की शुद्धता बनाए रखने, विनम्र रहने और अपने ज्ञान को दूसरों के साथ साझा करने का संदेश दिया। इस आयोजन में कौशल उन्नयन, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहिब, प्रसिद्ध बॉलीवुड संगीतकार मोंटी शर्मा के साथ-साथ राजनीति, मीडिया, सिनेमा और उद्योग जगत के कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button