छत्तीसगढ़

सारंगढ़ में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ, शिक्षा और खेल के विकास पर जोर

रायपुर। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के 26वें संस्करण का रंगारंग आगाज सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में हुआ। चार दिनों (4 से 7 अक्टूबर 2026) तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में छत्तीसगढ़ के पाँचों संभागों—बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा के 330 युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल (बालक 14 वर्ष), सॉफ्टबॉल (बालक एवं बालिका 17 वर्ष) और क्रिकेट (बालिका 17 वर्ष) के रोमांचक मुकाबले शुरू हुए।

खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणाएं

समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार से सबक लेकर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए और जीत मिलने पर कभी भी अहंकार नहीं करना चाहिए, क्योंकि निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

इस अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं:

शहर में आधुनिक सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड और डाइट (DIET) कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।

जिले में नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं।

स्कूली छात्रों के लिए शिक्षा के स्तर को उन्नत बनाने हेतु कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट (NEET) की विशेष कोचिंग शुरू की जा रही है।

इसके साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कक्षाएं, रोबोटिक्स लैब्स और अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की जा रही हैं।

उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button