बरसात की फिक्र हुई दूर : प्रधानमंत्री आवास योजना से जोहन सिंह के परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत कटरा के निवासी जोहन सिंह के जीवन में एक सुखद बदलाव आया है। कभी मानसून के दिनों में कच्चे और खपरैल के मकान की टपकती छत और दीवारों की सीलन इस परिवार के लिए बड़ी चुनौती हुआ करती थी। सीमित संसाधनों के चलते खुद के दम पर पक्का घर बनवाना उनके लिए संभव नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी वर्षों पुरानी इस चिंता को दूर कर उनके पक्के मकान के सपने को सच कर दिखाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर गरीब को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के विजन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में राज्यभर में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। सरकार के इन समन्वित प्रयासों का उद्देश्य केवल एक ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास का मजबूत आधार देना है।
जोहन सिंह के परिवार ने लंबे समय तक मौसम की मार झेली है। बारिश शुरू होते ही पानी टपकने की समस्या और घर की लकड़ियों व कबेलू की बार-बार होने वाली मरम्मत परिवार के लिए आर्थिक और मानसिक तनाव का कारण बनती थी। योजना के तहत जैसे ही उनका आवास स्वीकृत हुआ, हालात तेजी से सुधरे। आज उनका नया पक्का मकान पूरी तरह तैयार है, जिसने उन्हें न केवल एक सुरक्षित माहौल दिया है, बल्कि जीवन में एक नया स्थायित्व भी प्रदान किया है।
अपने नए घर में सुकून की जिंदगी जी रहे जोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस जनकल्याणकारी योजना ने उनके परिवार को सम्मानजनक जीवन दिया है। अब वे बिना किसी मौसमी डर के अपने परिवार के साथ सुरक्षित माहौल में रह रहे हैं। यह कहानी दर्शाती है कि कैसे सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन धरातल पर जरूरतमंदों के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रहा है।
















