युवाओं को राज्यपाल डेका की नसीहत : सकारात्मक सोच, मानवीय मूल्य और संतुलित तकनीक से ही तय होगी सफलता

रायपुर। राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में ‘रोल बोल यूथ कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए युवाओं को जीवन में सफलता और प्रगति के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सकारात्मक दृष्टिकोण, उच्च मानवीय मूल्य और नवाचार ही जीवन को सही दिशा देते हैं।
अपने प्रेरक संबोधन में राज्यपाल ने स्वामी विवेकानंद के दर्शन का हवाला देते हुए कहा कि अतीत की असफलताओं को पीछे छोड़कर और भविष्य की अनिश्चितताओं से बेपरवाह होकर वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने असफलता को हताशा का कारण मानने के बजाय कड़ी मेहनत और सुधार की प्रेरणा बताया। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां ही काफी नहीं हैं, बल्कि परिवार, मित्रों और समाज के साथ मजबूत और आत्मीय संबंध बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
आज के डिजिटल और तकनीकी युग पर बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि गूगल और इंटरनेट से जानकारियां चुटकियों में मिल जाती हैं, लेकिन युवाओं को अपनी मौलिक सोच और मानसिक दक्षता को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और सोशल मीडिया के दौर में डीपफेक व भ्रामक खबरों जैसी चुनौतियों से सतर्क रहने की अपील की। राज्यपाल ने दो टूक कहा कि तकनीक कितनी भी आधुनिक हो जाए, वह कभी भी मानवीय संवेदनाओं, चरित्र और भावनाओं का स्थान नहीं ले सकती। तकनीक का इस्तेमाल हमेशा समाज के कल्याण और रचनात्मक कार्यों में होना चाहिए।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में कौशल उन्नयन, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहिब, मशहूर बॉलीवुड संगीतकार मोंटी शर्मा, ‘रोल बोल’ संस्था के पदाधिकारी तथा सिनेमा, मीडिया, उद्योग और राजनीति क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















