छत्तीसगढ़

गुजरात के नर्मदा में राष्ट्रीय चिंतन शिविर : सड़क और राजमार्गों की बेहतरी पर मंथन, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव हुए शामिल

रायपुर। गुजरात के नर्मदा जिले में सड़क और राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ‘गतिशक्ति से प्रगति’ थीम पर आयोजित इस शिविर में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव विशेष रूप से शामिल हुए। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।

इस दो दिवसीय राष्ट्रीय मंथन में देश भर के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के निर्माण मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ की ओर से उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप भी मौजूद हैं।

विभिन्न सत्रों में हुए अहम विचार-विमर्श

शिविर के पहले दिन अलग-अलग सत्रों के दौरान बुनियादी ढांचे के एकीकृत नियोजन, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज करने और मॉडल कंसेशन एग्रीमेंट फ्रेमवर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। वहीं, दूसरे दिन यानी 6 अक्टूबर को सुरक्षित राजमार्गों के डिजाइन, गुणवत्ता आश्वासन और परियोजना की मॉनिटरिंग जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मिलेगी गति

इस चिंतन शिविर में तय होने वाले दिशा-निर्देशों और फ्रेमवर्क से छत्तीसगढ़ में चल रही प्रमुख सड़क परियोजनाओं के क्रियान्वयन में काफी मदद मिलेगी। वर्तमान में राज्य में रायपुर से जगदलपुर, बिलासपुर से रायगढ़, कटघोरा से अंबिकापुर और रायपुर से सारंगढ़ तक फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्ययोजना पर तेजी से काम चल रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button