कवर्धा के निजी अस्पताल के पार्किंग में घुसा तेंदुआ, वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी

कवर्धा। कवर्धा जिला मुख्यालय स्थित स्नेहा हॉस्पिटल के परिसर में सोमवार को एक तेंदुआ देखे जाने से शहर में हड़कंप मच गया। आवासीय और व्यस्त इलाके में वन्यजीव की मौजूदगी की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सीसीटीवी फुटेज में यह देखा गया कि तेंदुआ सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरकर अस्पताल के पार्किंग क्षेत्र में दाखिल हुआ और वहां से आगे निकल गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही प्रभागीय वंदना अधिकारी (DFO) सहित वन विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए के रेवाबंद तालाब या समीपवर्ती गौशाला क्षेत्र की ओर जाने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर उमड़ रही भारी भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ रही है।
इस बीच, एक महिला के घायल होने की भी खबर सामने आई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे चोट तेंदुए के हमले से लगी है या किसी अन्य कारण से। फिलहाल, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और तेंदुए की सुरक्षित तलाश व पकड़ के प्रयास जारी हैं।
















