छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 : आम जनता के लिए बनी उम्मीद की किरण, महज़ एक कॉल से संवर रहा भविष्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 अब प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का एक मजबूत जरिया बन चुकी है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से न केवल आम नागरिकों की प्रशासनिक शिकायतें दूर हो रही हैं, बल्कि दूरदराज के इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों, किसानों और जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल रही है।
मेधावी रिया को मिला छात्रावास, राह आसान
बलरामपुर जिले के मौली गांव की रहने वाली मेधावी छात्रा कुमारी रिया ने अपनी पिछली कक्षा में 88.6 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। हालांकि, समय पर हॉस्टल में दाखिला न मिलने के कारण उनकी आगे की पढ़ाई पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। ऐसे में रिया के पिता अजय प्रसाद अगरिया ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर अपनी समस्या दर्ज कराई। त्वरित कार्रवाई करते हुए आदिम जाति विकास विभाग ने मात्र दस दिनों के भीतर वाड्रफनगर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में रिया को सीट आवंटित कर दी, जिससे उनकी पढ़ाई फिर से शुरू हो गई।
सुशासन फेलो की रिपोर्ट में हुए अहम खुलासे
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मुख्यमंत्री सुशासन फेलो मध्यम दुबे द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में हेल्पलाइन के जरिए हुए कार्यों का विस्तृत आकलन किया गया है। यह फेलोशिप छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग की एक अनूठी पहल है, जिसका संचालन आईआईएम रायपुर के सहयोग से किया जा रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तैयार इस रिपोर्ट के अनुसार, हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता पाने वाले 90% से अधिक लोग इसके समाधान से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों को केवल औपचारिकता पूरी कर बंद न किया जाए, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिक्षा, बिजली, पेयजल और योजनाओं का हो रहा त्वरित समाधान
रिपोर्ट में कई अन्य मामलों का भी उल्लेख किया गया है, जहाँ हेल्पलाइन ने लोगों की जिंदगी आसान बनाई है:
कृषि और बिजली: बरदर गांव के किसान मुकेश के खेत की खराब पड़ी बिजली लाइन को महज़ दो दिनों में ठीक कर दिया गया, जिससे उनकी सिंचाई बाधित होने से बच गई।
पेयजल आपूर्ति: चिनिया गांव में बाउलाल सिंह की शिकायत पर बंद पड़े सौर पेयजल संयंत्र को दुरुस्त किया गया, जिससे पूरे गाँव में पानी की आपूर्ति फिर से बहाल हुई। इसी तरह बचवार प्राथमिक शाला में भी पेयजल व शौचालय से जुड़ी समस्याओं को दो दिनों के भीतर सुलझा लिया गया।
जनकल्याणकारी योजनाएं: पोषण ट्रैकर ऐप में अद्यतन न होने के कारण छूटे ढाई वर्षीय ईथन कुजूर को ‘रेडी-टू-ईट’ पूरक पोषण आहार दिलाया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, नए राशन कार्ड वितरण और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से जुड़े मामलों का भी समयबद्ध निपटारा किया गया है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के ये प्रभावी परिणाम यह साबित करते हैं कि किस तरह तकनीक और सुशासन का मेल छत्तीसगढ़ के दूरदराज के गाँवों तक पारदर्शी और त्वरित सेवाएँ पहुँचा रहा है।
















