इंडिया से घबराई भाजपा : मुख्यमंत्री बघेल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सावन सोमवार के शुभ अवसर पर 7 अगस्त की शाम भिलाई सेक्टर 7 स्थित शिवधाम तालाब पहुंचे। उन्होंने यहां महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम में भाग लेकर भगवान शिव की पूजा कर गंगा आरती की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 136 दिन बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता लौटी है। वो फिर से पूरी दमदारी के साथ भारतीय जनता पार्टी को बेनकाब करने के लिए संसद में अविश्वास प्रस्ताव को रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी जो इंडिया बना है उससे भाजपा घबराई है। राहुल गांधी जो लोकसभा में सवाल उठाते थे उससे भाजपा परेशान हो गई थी। यही कारण है कि उनकी संसद की सदस्य को खत्म करने की कोशिश की गई। उनका बंगला खाली कराया गया। उन्हें हर स्तर पर परेशान करने की कोशिश की गई। लेकिन वो नहीं हारे। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी संसद की सदस्यता को फिर से लौटा दिया है। कांग्रेस न्यायालय के इस फैसले का सम्मान करती है।
बीजेपी लगातार यह आरोप लगा रही है कि कांग्रेस शासन में बिजली महंगी हो रही है। इसके जवाब में सीएम ने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार दोषी नहीं है। केंद्र सरकार पहले ये आदेश निरस्त कर दे कि विदेशी कोयला किसी भी पावर प्लांट में उपयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेंट्रल गवर्मेंट के जितने भी पावर प्लांट हैं सभी में विदेशी कोयला डाला जा रहा है। इससे बिजली महंगी हो रही है। इसके चलते पावर प्लांट बिजली की दर को बढ़ा रहे हैं तो बिजली महंगी हो रही है। इसके बाद भी पूरे राज्य में बिजली आधा का लाभ दिया जा रहा है। भिलाई टाउनशिप में भी बिजली बिल आधा करने का फैसला किया है।
भाजपा ने किया है किसानों के साथ वादाखिलाफी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनका सम्मेलन वाकई भरोसे का सम्मेलन है। बीजेपी इसे धोखे का सम्मेलन कह रही है। वो इसलिए कह रही है कि उसने धोखा देने का काम किया है। 15 साल तक बीजेपी की सरकार रही। उन्होंने किसानों से 2100 रुपए धान का बोनस देने का वादा किया था। पिछले 15 सालों में एक भी बार किसान को 2100 रुपए नहीं मिला। 300 रुपए बोनस हर साल देने की बात कही वो भी नहीं दिया। कभी युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। आदिवासियों को छलने का काम, महिलाओं को छलने का काम और युवाओं को छलने का काम बीजेपी ने किया है। बीजेपी ने हर वर्ग को धोखा देने का काम किया है, इसलिए वो धाखे की बात न करें।
भगवान शिव ने ही विवाह नाम की संस्था को विकसित किया
महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले सात और आठ सालों से यह आयोजन हो रहा है। आज तालाब काफी बदल गया है। भोले नाथ हर जगह विराजे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने ही विवाह नाम की संस्था को विकसित किया है। शिव सबको जोड़ने का नाम है। तंत्र के जनक शिव हैं। भगवान शिव सबकी मनोकामना पूरी करें। इस मौके पर कार्यक्रम को विधायक देवेंद्र यादव और महापौर नीरज पाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक अरुण वोरा, महापौर दुर्ग धीरज बाकलीवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।