स्कूल शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल, 2 संयुक्त संचालक और 7 जिलों के DEO का तबादला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य शासन के लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी नए आदेश के तहत बिलासपुर और सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालकों समेत 7 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) का स्थानांतरण किया गया है। इस सूची में कुछ प्राचार्यों को पदोन्नत करते हुए डीईओ की नई जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
संभागीय स्तर पर हुए मुख्य बदलाव
बिलासपुर व सरगुजा संभाग: बिलासपुर के प्रभारी उप संचालक राजेश सिंह को सरगुजा स्थानांतरित कर वहां के संभागीय संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं सरगुजा में कार्यरत अशवनी भारद्वाज को बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक का प्रभार सौंपा गया है।
जिलों के नए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO)
जांजगीर-चांपा व सूरजपुर: जांजगीर-चांपा के प्रभारी DEO ए.के. सिन्हा को सूरजपुर भेजा गया है। उनकी जगह खिसोरा स्कूल के प्राचार्य मनोहर प्रताप सिंह को जांजगीर-चांपा का नया प्रभार मिला है।
बिलासपुर: कोरबा जिले के करतला BEO संदीप कुमार पांडे को बिलासपुर का नया DEO नियुक्त किया गया है। पूर्व DEO रामेश्वर जायसवाल को जांजगीर में समग्र शिक्षा मिशन का जिला मिशन समन्वयक बनाया गया है।
दुर्ग: लोक शिक्षण संचालनालय में पदस्थ सहायक संचालक जगजीत धीर को दुर्ग का नया जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मुंगेली: एल.पी. डहीरे के स्थान पर डॉ. मोहन लाल पटेल को मुंगेली का नया DEO बनाया गया है। डहीरे को बिलासपुर संभाग में सहायक संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य जिले: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में उपेंद्र कुमार देवांगन, बलौदाबाजार में शिव कुमार गेंदले तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में पुरुषोत्तम लाल साहू को नया प्रभारी DEO नियुक्त किया गया है। मोहला के पूर्व DEO योगदास साहू को DIET खैरागढ़ का नया प्राचार्य बनाया गया है।
















