मनोरंजन

रिलीज़ से पहले ही अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ का जलवा, IMDb पर बनी नंबर वन

नई दिल्ली (एजेंसी)। बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने के संकेत दे रही है। हाल ही में मेकर्स द्वारा जारी किए गए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों और समीक्षकों की तरफ से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। इसी बीच फिल्म ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए IMDb की ‘मोस्ट अवेटेड इंडियन मूवीज़’ की लिस्ट में पहला मुकाम हासिल कर लिया है।

ट्रेलर को मिला दर्शकों का शानदार प्यार

फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज होते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है और सिर्फ दो दिनों के अंदर इस पर 28 मिलियन (2.8 करोड़) से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं। यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह लगातार ट्रेंड कर रहा है। भरपूर कॉमेडी, सस्पेंस और एक्शन से सजी इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है।

क्या है फिल्म की अनोखी कहानी?

अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार अपनी सुपरहिट ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी में दोबारा लौट रहे हैं। फिल्म की कहानी काफी मजेदार है, जिसमें अक्षय कुमार एक ऐसे एक्टर का रोल प्ले कर रहे हैं जो अपने डूबते करियर को बचाने की जद्दोजहद में जुटा है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वह को-स्टार जैकलिन फर्नांडीज के साथ शूटिंग के सिलसिले में एक गांव पहुंचते हैं। वहां के सीधे-साधे ग्रामीण इस फिल्मी क्रू को असली फौजी समझ बैठते हैं और उनसे एक खूंखार विलेन से बचाने की मदद मांगते हैं। इसके बाद शुरू होता है गलतफहमियों और हंसी का एक मजेदार सफर।

सितारों से सजी है महफिल

इस मल्टीस्टारर फिल्म में जैकी श्रॉफ समेत बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार नजर आने वाले हैं। बड़े बजट और भारी-भरकम स्टारकास्ट की वजह से ट्रेड एक्सपर्ट्स भी इस फिल्म की सफलता को लेकर काफी उम्मीदें जता रहे हैं।

गौतरतलब है कि इससे पहले अक्षय कुमार को प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म में देखा गया था, जिसने दुनिया भर में अच्छा बिजनेस किया था। अब फैंस की नजरें 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही ‘वेलकम टू द जंगल’ पर टिकी हैं।

अक्षय कुमार के आगामी धमाकेदार प्रोजेक्ट्स

‘वेलकम टू द जंगल’ के बाद भी अक्षय कुमार के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स कतार में हैं। खबरों की मानें तो वह जल्द ही सैफ अली खान के साथ फिल्म ‘हैवान’ में दिखाई देंगे। इसके अलावा, वह रोहित शेट्टी की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ का भी हिस्सा बनने जा रहे हैं। चर्चा तो यह भी है कि ‘गोलमाल 5’ में अक्षय पहली बार एक विलेन (नकारात्मक) के किरदार में नजर आ सकते हैं, हालांकि अभी मेकर्स की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

फिलहाल, IMDb की रेटिंग और सोशल मीडिया पर मिल रहे रिस्पॉन्स को देखकर यह साफ है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही माहौल बना दिया है। अब देखना यह होगा कि 26 जून को बड़े पर्दे पर आने के बाद यह फिल्म कमाई के कितने नए रिकॉर्ड बनाती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button