बंगाल फतह का जश्न : रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘झाल-मुड़ी’ और ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जीत का उत्सव

रायपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार सफलता के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा के प्रदेश कार्यालय ‘एकात्म परिसर’ में कार्यकर्ताओं ने इस जीत को एक त्योहार की तरह मनाया। जश्न के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता थिरकते नजर आए। बंगाली संस्कृति से जुड़ाव दिखाते हुए, कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक व्यंजन ‘झाल-मुड़ी’ का आनंद लिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
‘यह सनातन की जीत है’
लौह एवं शिल्पकला बोर्ड के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने इस ऐतिहासिक सफलता को वैचारिक विजय बताया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनावी जीत मात्र नहीं, बल्कि ‘सनातन की जीत’ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता ने तुष्टिकरण और सनातन विरोधी राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है, जो यह संदेश देता है कि देश में अब ऐसी राजनीति का भविष्य नहीं है।
आसनसोल में तीन महीने की मेहनत लाई रंग
अपनी चुनावी भूमिका पर बात करते हुए प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने साझा किया कि वे बीते तीन महीनों से पूरी तरह से आसनसोल क्षेत्र में सक्रिय थे। संगठन के निर्देशों को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने और अन्य कार्यकर्ताओं ने दिन-रात परिश्रम किया। विश्वकर्मा ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि उनकी मेहनत रंग लाई और आसनसोल की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है।
अंत में, उन्होंने इस ऐतिहासिक बहुमत के लिए पश्चिम बंगाल की जागरूक जनता का आभार व्यक्त किया और इसे पार्टी के हर निष्ठावान कार्यकर्ता के समर्पण का परिणाम बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















