कुम्हारी में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST का छापा ; 30 बोरी माल व मशीनें जब्त

दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित स्टेशन चौक क्षेत्र में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की विशेष टीम ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर 12 सदस्यीय अधिकारियों की टीम ने एक गुटखा निर्माण इकाई पर अचानक दबिश दी, जहाँ ‘सितार’ ब्रांड के नाम से अवैध रूप से गुटखा तैयार किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान मौके से 30 बोरी तैयार गुटखा और निर्माण में इस्तेमाल की जा रही 2 प्रोसेसिंग मशीनें जब्त की गईं। अधिकारियों ने जब्त सामान और मशीनों को अपने संरक्षण में लेकर आगे की जाँच के लिए रायपुर भेज दिया है। प्राथमिक आंकलन के अनुसार जब्त सामग्री का बाजार मूल्य लाखों रुपये माना जा रहा है, हालाँकि कुल मूल्य और टैक्स चोरी की वास्तविक राशि का विस्तृत विवरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी किया जाएगा।
विभाग यह भी पड़ताल कर रहा है कि इस इकाई द्वारा उत्पादन और वितरण में किन-किन कर नियमों की अनदेखी की गई है। यह परिसर सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। मौके से मिले कारोबारी दस्तावेजों तथा गोदाम में रखे अन्य सामान की गहनता से जाँच जारी है, और आधिकारिक रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।
















