छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ बना ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब : सिंगापुर फोरम में मिले 43,250 करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव

रायपुर। सिंगापुर में आयोजित पहले ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गए राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने कुल 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रस्तावों पर मुहर लगाई है। इस दौरान भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के विशेष आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ इस वैश्विक मंच का हिस्सा बना।

एआई-रेडी डेटा सेंटर के लिए ऐतिहासिक समझौता

इस निवेश महाकुंभ का सबसे बड़ा आकर्षण सिंगापुर की प्रतिष्ठित कंपनी ‘एनर्जी कैपिटल ग्लोबल पीटीई लिमिटेड’ द्वारा दिया गया प्रस्ताव रहा। कंपनी छत्तीसगढ़ में 41,750 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल 100 मेगावाट एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने जा रही है। यह कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के साथ डेटा सेंटर विकसित करने के लिए जानी जाती है। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक अवसर पर कंपनी को ‘इनविटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा।

एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के सीईओ स्टानिस्लाव बोरिसोव ने राज्य की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के पास एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, प्रचुर भूमि और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति तीनों का बेहतरीन संयोजन मौजूद है। यह परियोजना मध्य भारत को तकनीकी रूप से देश का सबसे उन्नत केंद्र बनाने में मदद करेगी।

सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज में भी बड़ा निवेश

डिजिटल तकनीक के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को ग्रीन एनर्जी सेक्टर में भी बड़ा फायदा हुआ है। ‘सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड’ ने राज्य में सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और संबंधित उपकरणों के निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये के FDI निवेश का प्रस्ताव दिया है।

‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ से बदल रही है राज्य की तस्वीर

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित एक फायरसाइड चैट के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ शिरकत की। इस सत्र में सीएम साय ने उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बंद कमरों में नीतियां बनाने के बजाय सीधे उद्योग जगत से संवाद कर उनकी परेशानियों को दूर करती है। पिछले 18 महीनों में राज्य में 450 से अधिक प्रशासनिक व औद्योगिक सुधार किए गए हैं, जिसके दम पर छत्तीसगढ़ को कुल मिलाकर 8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।

इस फोरम में सिंगापुर की विदेश और व्यापार राज्य मंत्री गण सिओ ह्वांग सहित मास्टरकार्ड, ताज होटल्स (IHCL) और नेस्ले जैसी दिग्गज वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

भविष्य की रणनीति और बैठकें

फोरम के इतर मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज पीटीई लिमिटेड के अधिकारियों के साथ अलग-अलग उच्चस्तरीय बैठकें कीं, जिसमें अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण (Re-use) और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में संभावनाओं पर विमर्श किया गया। 6 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री सिंगापुर के शीर्ष कॉर्पोरेट दिग्गजों के साथ सीईओ राउंडटेबल बैठक में हिस्सा लेकर इस निवेश अभियान को और गति देंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button