छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मियों को तोहफा : बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से मिलेगा ₹6 लाख का फ्री बीमा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा और नियमित कर्मचारियों के लिए एक राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को वित्तीय सुरक्षा देने के लिए बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक विशेष समझौता ज्ञापन (MOU) साइन करने की मंजूरी दे दी है।
इस नए समझौते के तहत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिन भी अधिकारियों और कर्मचारियों का सैलरी अकाउंट (वेतन खाता) बैंक ऑफ इंडिया में है, उन्हें ₹6 लाख का लाइफ टर्म इंश्योरेंस (जीवन बीमा) दिया जाएगा।
इस योजना की खास बातें इस प्रकार हैं:
निःशुल्क सुविधा: इस लाइफ इंश्योरेंस के लिए कर्मचारियों को अपनी जेब से कोई प्रीमियम नहीं देना होगा।
सामान्य मृत्यु पर भी लाभ: किसी भी कारणवश सामान्य मृत्यु होने पर भी कर्मचारी के परिवार को यह बीमा राशि मिलेगी।
सरकार पर शून्य वित्तीय बोझ: स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि इस इंश्योरेंस के लिए राज्य सरकार या एनएचएम फंड पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं आएगा। यह बैंक द्वारा दी जा रही एक कस्टमाइज्ड कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज सुविधा है।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से एनएचएम के हजारों परिवारों को एक मजबूत सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा कवच मिलेगा, जिससे संकट के समय उनके परिजनों को संबल मिल सकेगा।
















