छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय के सिंगापुर दौरे का पहला दिन : गार्डन्स बाय द बे के साथ बैठक और बिजनेस फेडरेशन डिनर में सहभागिता

रायपुर। सिंगापुर दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने प्रवास के पहले दिन कई अहम बैठकें और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। विदेश मंत्रालय के नामांकन पर ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में भाग लेने गए मुख्यमंत्री प्रतिनिधिमंडल ने दुनिया के मशहूर ‘गार्डन्स बाय द बे’ के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की।

इस दौरान गार्डन्स बाय द बे के मास्टर प्लानर और जनरल मैनेजर जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग के साथ बैठक हुई। चर्चा का मुख्य केंद्र उद्यानिकी, सस्टेनेबल डिजाइन, ईको-टूरिज्म, वनस्पति संरक्षण और शहरी हरियाली को बढ़ावा देना रहा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध जैव विविधता और जंगलों के लिए जाना जाता है। इस वैश्विक संस्थान की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने के साथ-साथ राज्य भर में आधुनिक लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के डिनर में शामिल हुए मुख्यमंत्री

पहले दिन की शाम को सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी मुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित टाटा, नेस्ले, मास्टरकार्ड और इंडियन होटल्स जैसी दिग्गज कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिनर के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ को एक उभरते हुए और आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में पेश किया। उन्होंने राज्य की नई औद्योगिक नीतियों, व्यापार को आसान बनाने (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) के उपायों और स्टार्टअप्स के लिए मौजूद संभावनाओं का जिक्र करते हुए सिंगापुर के निवेशकों को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने का खुला आमंत्रण दिया।

निर्धारित कार्यक्रमों के तहत, मुख्यमंत्री 5 अक्टूबर को मुख्य SING फोरम 2026 में शामिल होंगे और 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख निवेश संस्थाओं व कंपनियों के सीईओ के साथ राउंडटेबल बैठक करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button