सावन का पहला सोमवार : छत्तीसगढ़ के शिवालयों में उमड़ा भक्तों का सैलाब, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

रायपुर। पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार पर छत्तीसगढ़ के तमाम शिवालयों में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। तड़के से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। हर तरफ ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण पूरी तरह से शिवमय हो गया है।
तड़के 3:30 बजे खुले बूढ़ेश्वर महादेव के कपाट
राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध बूढ़ा तालाब स्थित ऐतिहासिक बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए तड़के 3:30 बजे ही खोल दिए गए थे। मंदिर परिसर में पहुंचे हजारों श्रद्धालु जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना कर रहे हैं। दिन बढ़ने के साथ-साथ भीड़ और अधिक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
भुतेश्वरनाथ और कुलेश्वर महादेव में कांवड़ियों का जमावड़ा
गरियाबंद (भुतेश्वरनाथ): विश्वप्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भुतेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी जल चढ़ाने के लिए कांवड़ियों और आम श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है। मंदिर समिति द्वारा भक्तों के लिए भंडारे का विशेष आयोजन किया गया है।
राजिम (कुलेश्वर महादेव): त्रिवेणी संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का तांता लगा हुआ है।
कवर्धा में 18 किमी की ऐतिहासिक पदयात्रा, डिप्टी सीएम करेंगे जलाभिषेक
कबीरधाम (कवर्धा) जिले में सावन के पहले सोमवार के मौके पर पारंपरिक पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया है। शहर के प्राचीन पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से 18 किलोमीटर दूर स्थित भोरमदेव मंदिर तक निकलने वाली इस यात्रा के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।
इस ऐतिहासिक पदयात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हो रहे हैं। वे पंचमुखी मंदिर से जल उठाकर भोरमदेव मंदिर तक पैदल यात्रा करेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर राज्य की खुशहाली की कामना करेंगे।











