छत्तीसगढ़

खण्डसरा गांव को मिला नया पंचायत भवन, जमीन पर बैठकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम खण्डसरा में विकास कार्यों की कड़ी में एक नया अध्याय जुड़ा है। उप मुख्यमंत्री सह कवर्धा विधायक विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय ने संयुक्त रूप से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से तैयार हुए अत्याधुनिक ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस नए भवन के शुरू होने से अब स्थानीय स्तर पर ही शासकीय व प्रशासनिक कामकाज और तेज गति से संचालित हो सकेंगे।

चौपाल पर बैठकर सुनी समस्याएं

लोकार्पण समारोह के दौरान एक अनूठा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय ने किसी मंच या कुर्सी पर बैठने के बजाय सीधे जमीन पर ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने भी बिना किसी संकोच के अपनी परेशानियां और मांगें नेताओं के सामने रखीं। डिप्टी सीएम ने एक-एक कर सभी की बात ध्यान से सुनी और मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जनसेवा और अंतिम व्यक्ति तक विकास का संकल्प

इस दौरान संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि विकास योजनाओं का लाभ गांव के आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को हिदायत दी कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े, बल्कि शासन खुद चलकर उनके पास पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस नए भवन के जरिए पंचायत के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।

इस उद्घाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, सदस्य राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास समेत कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button