मध्यप्रदेश

नाइजीरिया में चमकीं खुशी दाभाड़े : सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप में भारत को दिलाया सिल्वर मेडल

भोपाल (एजेंसी)। मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली फेंसिंग एथलीट खुशी दाभाड़े ने विदेशी सरजमीं पर देश का परचम लहराया है। नाइजीरिया में आयोजित ‘सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप 2026’ में शानदार खेल दिखाते हुए उन्होंने वूमेंस इपी इंडिविजुअल केटेगरी में रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। 9 से 14 अगस्त तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी की इस खिलाड़ी ने राज्य और देश दोनों का नाम रोशन किया है।

खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खुशी दाभाड़े को इस स्वर्णिम सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खुशी की यह जीत उनकी लगन, कड़े अभ्यास और अकादमी के बेहतरीन प्रशिक्षण का प्रमाण है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाने वाली खुशी ने प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को प्रेरित किया है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और प्रशिक्षण देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले भी दिखा चुकी हैं दम

खुशी दाभाड़े लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करती रही हैं:

मई 2026: फ्रांस के सेंट मॉर डेस फॉसस में आयोजित इपी वूमेंस वर्ल्ड कप।

इजिप्ट (कायरो): एफआईई इपी ग्रांड प्रिक्स।

2021 (रूस, कजान): एफआई सीनियर इपी वर्ल्ड कप।

2022 (साउथ कोरिया, सीओल): सीनियर एशियन चैम्पियनशिप।

राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार रिकॉर्ड

37वें नेशनल गेम्स (गोवा, 2023): वूमेंस इपी टीम इवेंट में कांस्य पदक।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (2023): इपी टीम इवेंट में तीसरा स्थान।

30वीं एवं 32वीं सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप: मेडल विजेता।

साधारण परिवार से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित मध्यप्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी से अपने करियर की शुरुआत करने वाली खुशी वर्तमान में मुख्य प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह की देखरेख में अभ्यास कर रही हैं। उनके पिता बाबाराव दाभाड़े और मां विद्या दाभाड़े (स्टाफ नर्स) के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन ने खुशी को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button