छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना : मुंगेली की सुनीता साहू के बच्चों की पढ़ाई के लिए बनी संबल

मुंगेली। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उनके परिवारों को संबल देने के लिए चलाई जा रही ‘महतारी वंदन योजना’ धरातल पर बड़े बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल से प्रदेश की हजारों महिलाओं को हर महीने आर्थिक मदद मिल रही है, जिससे वे अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं हैं। इसी क्रम में मुंगेली जिले के ग्राम लिम्हा की रहने वाली सुनीता साहू के लिए यह योजना उनके बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद बन गई है।

श्रीमती सुनीता साहू ने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1,000 रुपये की राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और स्कूल वैन की फीस भरने में कर रही हैं। उन्होंने साझा किया कि पहले बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों को समय पर पूरा करना एक बड़ी चुनौती होती थी। लेकिन अब इस नियमित वित्तीय सहायता ने उनकी चिंता को काफी हद तक दूर कर दिया है, जिससे बच्चों की स्कूली शिक्षा बिना किसी रुकावट के जारी है।

सुनीता के अनुसार, भले ही यह राशि देखने में छोटी लगे, लेकिन हर महीने तय समय पर मिलने के कारण यह उनके परिवार के बजट को संतुलित रखने में बड़ी मददगार साबित हो रही है। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता मिली है, बल्कि उनके सुनहरे भविष्य को लेकर परिवार का भरोसा भी बढ़ा है। योजना के इस सकारात्मक प्रभाव से खुश होकर सुनीता साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का एक बेहतरीन माध्यम है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button