एमपी खेल समीक्षा : भोपाल में तिरंगा यात्रा से लेकर सांदीपनि स्कूलों में खेल परिसर तक, सीएम मोहन यादव के बड़े निर्देश

भोपाल (एजेंसी)। क्रांति दिवस (9 अगस्त) के अवसर पर भोपाल में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति का संचार करना है। यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया।
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और अकादमियों का गठन
विश्वस्तरीय सुविधाएं: खिलाड़ियों के डाइट, ट्रेनिंग, आधुनिक तकनीक और कौशल निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पदक विजेताओं को सौगात: ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी और पुरस्कार राशि देने संबंधी नियम तय होंगे।
नई खेल अकादमियां: राज्य में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक की समर्पित अकादमियां जल्द शुरू होंगी।
स्कूलों में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विभागों में समन्वय
सांदीपनि विद्यालयों का उपयोग: राज्य के सांदीपनि स्कूलों के पास उपलब्ध भूमि पर खेल परिसर विकसित किए जाएंगे।
एकीकृत संचालन: विभिन्न विभागों की खेल अधोसंरचनाओं का संचालन अब सीधे खेल विभाग करेगा।
केंद्रीय अनुदान और कॉर्पोरेट मॉडल: खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से निरंतर समन्वय और हरियाणा-ओडिशा की तर्ज पर कॉर्पोरेट सीएसआर (CSR) फंड की मदद ली जाएगी।
बहुउपयोगी परिसर: प्रस्तावित खेल परिसरों में हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
विभाग का ढांचागत सशक्तीकरण
सिविल विंग और PMU: खेल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और देखरेख के लिए एक प्रथक ‘सिविल विंग’ और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) गठित करने की योजना है।
जिलावार डेटा विश्लेषण: पिछले 5 वर्षों के प्रदर्शन के आधार पर यह चिन्हित किया जाएगा कि किस जिले से किस खेल के खिलाड़ी निकल रहे हैं, उसी अनुसार वहां सुविधाएं विकसित होंगी।
राष्ट्रमंडल खेलों की उपलब्धि: बैठक के दौरान खेल मंत्री विश्वास सारंग ने जानकारी दी कि हाल ही में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश के 5 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 2 ने पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
















