मुख्यमंत्री की फटकार के बाद जागे अधिकारी : पत्थलगांव-कुनकुरी सड़क मरम्मत के काम ने पकड़ी रफ्तार

रायपुर। सरगुजा संभाग में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का सख्त रुख काम आया है। बलरामपुर में हुई बैठक में पत्थलगांव से कुनकुरी तक की बदहाल सड़क और मरम्मत कार्य में देरी को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ा ऐतराज जताया था। उनके स्पष्ट निर्देशों के बाद, अब विभागीय अधिकारियों ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।
बरसात से पहले सड़क सुधार को प्राथमिकता
बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा था कि खराब सड़क के कारण आम जनता को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले मानसून सीजन को देखते हुए उन्होंने सड़क की स्थिति में सुधार को पहली प्राथमिकता बताया था, ताकि बारिश में लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है।
तत्काल काम शुरू करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए मरम्मत कार्य को तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस कार्य को गति देने के लिए जोनल एजेंसी की मदद ली जाएगी। यदि जोनल एजेंसी उपलब्ध नहीं होती है, तो संबंधित संभागों के मौजूदा अनुबंधों के तहत ही मरम्मत का कार्य पूरा किया जाएगा।
अधिकारियों की जवाबदेही तय
काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग), अंबिकापुर के कार्यपालन अभियंता को अब अपना अस्थायी मुख्यालय कुनकुरी में बनाने का आदेश दिया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि जब तक काम पूरा नहीं हो जाता, वे बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस हस्तक्षेप के बाद लंबे समय से लंबित इस सड़क सुधार कार्य को अब नई गति मिली है। उम्मीद है कि जल्द ही पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग आवागमन के लिए पूरी तरह सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
















