मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भारत गौरव ट्रेन से शिर्डी और त्र्यंबकेश्वर के लिए तीर्थयात्री रवाना

रायपुर। प्रदेश के बुजुर्गों की धार्मिक आस्था और दर्शन की इच्छा को पूरा करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के तहत तीर्थयात्रियों का एक जत्था रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भारत गौरव टूरिस्ट स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से सीधी बातचीत कर उनकी यात्रा को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय बनाने की शुभकामनाएं दीं।
यह विशेष यात्रा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। चार दिवसीय इस धार्मिक दौरे के दौरान श्रद्धालु महाराष्ट्र स्थित प्रसिद्ध धाम—साईं बाबा (शिर्डी), शनिदेव (शनि शिंगणापुर) और भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल त्र्यंबकेश्वर के दर्शन करेंगे। ट्रेन की रवानगी से पूर्व रायपुर स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक वरदान की तरह है जो लंबे समय से तीर्थाटन की इच्छा तो रखते थे, लेकिन पारिवारिक या आर्थिक कारणों से नहीं जा पाते थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के बुजुर्गों को पूरी सुरक्षा, सम्मान और सुलभ सुविधाओं के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएं।
उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण विभाग की इस योजना के माध्यम से राज्य के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की नि:शुल्क यात्रा कराई जाती है। ट्रेन की रवानगी के समय समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, रेलवे प्रशासन के प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
















