छत्तीसगढ़

युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें : राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ के उद्घाटन अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने युवाओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ नौकरी ढूंढने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने नए विचारों को व्यवसाय में बदलने का जोखिम उठाना चाहिए। उचित मार्गदर्शन और सही तकनीक के सहारे एक छोटा सा विचार भी सफल स्टार्टअप बनकर कई लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है।

इस दौरान राज्यपाल ने परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन किया और युवा उद्यमियों द्वारा लगाए गए नवाचार स्टालों का अवलोकन किया।

कृषि और स्थानीय संसाधनों में अवसरों का भंडार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, वनोपज, मिलेट्स, फूड प्रोसेसिंग, जैविक खेती और जनजातीय उत्पादों जैसे क्षेत्रों में उद्यमिता की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न उत्पादन में नई तकनीकों का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। खाद्य सुरक्षा में आत्मनिर्भरता ही राज्य के समग्र विकास की नींव तय करती है।

किसानों की आय बढ़ाने वाले नवाचारों पर जोर

श्री डेका ने ऐसे आधुनिक समाधान विकसित करने पर बल दिया जो खेती की लागत घटाएं, उत्पादकता बढ़ाएं और फसल के नुकसान को रोकें। इससे न केवल किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि कृषि क्षेत्र अधिक मजबूत होगा। इसके साथ ही उन्होंने पारंपरिक ‘बाड़ी’ और किचन गार्डन की परंपरा को पुनर्जीवित करने की सलाह दी ताकि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधर सके।

सफल स्टार्टअप के लिए बाजार की समझ जरूरी

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए राज्यपाल ने कहा कि कोई भी स्टार्टअप शुरू करने से पहले विस्तृत बाजार सर्वेक्षण (Market Survey), स्पष्ट योजना, बेहतर प्रबंधन और वित्तीय समझ का होना अनिवार्य है। कौशल विकास को समय की मांग बताते हुए उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में भी हुनर और एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है।

समारोह में विधायक अनुज शर्मा, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश, एनआईटी के निदेशक डॉ. समीर बाजपेई और नाबार्ड के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शोधकर्ता, वैज्ञानिक और युवा उद्यमी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button