रिसाली निगम : 4 वार्डों में ₹1.97 करोड़ के निर्माण कार्यों की नींव रखी गई

भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए 1 करोड़ 97 लाख 8 हजार रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और रिसाली महापौर शशि सिन्हा ने वार्ड क्रमांक 22 (मैत्रीकुंज), 23 (प्रगतिनगर), 24 (आजाद मार्केट) और 25 (आशीष नगर) में संयुक्त रूप से भूमिपूजन कर इन परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रिसाली क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी पक्षपात के विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन प्रतिनिधियों का काम जनता की माँगों और आवश्यकताओं को पूरा करना है, इसलिए ये सभी विकास योजनाएं स्थानीय नागरिकों को समर्पित हैं। वहीं महापौर शशि सिन्हा ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के शेष बचे हुए कार्यों को भी जल्द से जल्द शासन स्तर से स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष शैलेंद्र साहू, स्थानीय पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वार्ड अनुसार स्वीकृत बजट का विवरण
वार्ड 22 (मैत्रीकुंज): ₹53.58 लाख (पाथवे, नाली निर्माण, सड़क चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण)
वार्ड 23 (प्रगतिनगर): ₹60.44 लाख
वार्ड 24 (आजाद मार्केट): ₹32.77 लाख
वार्ड 25 (आशीष नगर): ₹50.29 लाख
विकास कार्यों की सौगात मिलने पर वार्ड 25 (आशीष नगर) और वार्ड 23 (प्रगतिनगर) के रहवासियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने विधायक और महापौर का 21 किलो की गेंदे की माला पहनाकर और शॉल भेंट करके नागरिक अभिनंदन किया।
















