बस्तर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दीप जलाकर की शुरुआत

जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बस्तर जिले में एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भव्य शुरुआत हुई। गुरुवार को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में दीप जलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूरे जिले में एक साथ 7 लाख से अधिक दीये जलाए गए। ‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजन के तहत अकेले मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में 1.25 लाख, जगदलपुर शहर में 2.5 लाख से ज्यादा और ग्रामीण अंचलों में लगभग 4.5 लाख दीयों की रोशनी से पूरा बस्तर जगमगा उठा।
जनता ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों ने इन दीपों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना स्नेह और आभार प्रकट किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बस्तर को नक्सल समस्या से मुक्त कराकर विकास और शांति के मार्ग पर लाने में जवानों की वीरता के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद अहम रहा है।
बस्तर में लौट रही शांति और खुशहाली
अपने बस्तर प्रवास के अनुभवों को साझा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पिछले पांच दशकों से जो क्षेत्र बारूद के साए में जी रहा था, वहां अब शांति, महुआ की खुशबू और पारंपरिक उत्सवों की चमक वापस आ रही है। आज ग्रामीण बिना किसी डर के अपने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और स्थानीय मेलों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षा बलों के साहस की सराहना की और झीरम घाटी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
परफॉर्मेंस आधारित राजनीति का नया दौर
उपमुख्यमंत्री ने 2014 के बाद देश में आए नीतिगत बदलावों पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत अब ‘पॉलिटिक्स विद परफॉर्मेंस’ के युग में प्रवेश कर चुका है। स्वास्थ्य सुविधाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि देश में एमबीबीएस सीटों की संख्या 51 हजार से बढ़कर 1.29 लाख से अधिक हो चुकी है। साथ ही एम्स की संख्या 7 से बढ़कर 22 हो गई है और दंतेवाड़ा में नए मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हुई है। उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, सर्जिकल स्ट्राइक और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को केंद्र सरकार के मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी बस्तर में बढ़ते रोजगार, शांति और विकास के अवसरों पर अपने विचार रखे। इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, संभागायुक्त डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
















