सूरजपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज़ : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की स्वैच्छिक रक्तदान और सामाजिक समरसता की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनसेवा, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महीने लंबे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत जिला अस्पताल सूरजपुर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने किया।
शिविर के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने स्वयं स्वास्थ्य जांच करवाकर नागरिकों को नियमित हेल्थ चेकअप के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं और स्वस्थ नागरिकों को स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोपरि माध्यम है। आपातकालीन समय में सही वक्त पर खून मिलना किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है, इसलिए इसके प्रति सामाजिक जागरूकता बहुत जरूरी है।
मंत्री ने यह भी कहा कि यह अभियान सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज से भेदभाव जैसी कुरीतियों को समाप्त कर भाईचारा और सहयोग बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सभी से अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा कार्यों को समर्पित यह अभियान जन-कल्याण को नई गति देगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा भाव सुदृढ़ होता है। वहीं सूरजपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाती सिंह ने रक्तदान को महादान बताते हुए जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में आयोजित इस शिविर में डॉक्टरों ने रक्तदाताओं के स्वास्थ्य और ब्लड ग्रुप की जांच की। शिविर में युवाओं, कॉलेज छात्रों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
















