कबीरधाम में खेल क्रांति : डिप्टी सीएम विजय शर्मा की पहल पर युवाओं को मिलेंगे आधुनिक मिनी स्टेडियम

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में ग्रामीण युवाओं को खेल और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा के प्रयासों से जिले के ग्रामीण इलाकों में 52-52 लाख रुपए की बजट से आधुनिक मिनी स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। इन स्टेडियमों के बनने से न केवल गांवों की खेल प्रतिभाएं निखरेंगी, बल्कि पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी शारीरिक अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्यों को पूरा कर लिया जाए और इन्हें स्थानीय ग्राम समितियों को सौंप दिया जाए।
इस निर्देश के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने दौजरी, बैजलपुर, घुघरी कला, खारा, उसरवाही, तितरी, झलमला और चिल्फी में बन रहे मिनी स्टेडियमों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि उप मुख्यमंत्री का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को भी शहरों जैसी बेहतर सुविधाएं देना है। गांवों में खेल का बुनियादी ढांचा मजबूत होने से युवा नशे और भटकाव से दूर रहेंगे और उनमें अनुशासन की भावना बढ़ेगी। अब युवाओं को सेना या पुलिस भर्ती के फिजिकल टेस्ट की तैयारी के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि वे अपने ही गांव में अभ्यास कर सकेंगे।
इन स्टेडियमों के बेहतर रख-रखाव और संचालन के लिए स्थानीय युवाओं की विशेष समितियां भी बनाई गई हैं। यह समितियां स्टेडियम की स्वच्छता और खेल आयोजनों की जिम्मेदारी संभालेंगी, जिससे ग्रामीण युवाओं में सहभागिता और जिम्मेदारी का भाव भी पैदा होगा।
















