लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर आगे बढ़ रही राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

पाल-गड़रिया समाज कल्याण बोर्ड के गठन का ऐलान
भोपाल (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय गड़रिया महासभा के कार्यक्रम में भाग लिया। रवींद्र भवन में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने देवी अहिल्याबाई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘जागो नारी जागो’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने दौर में सुशासन और निष्पक्ष न्याय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया था। उनके कार्यों से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरा देश गौरवान्वित अनुभव करता है। राज्य सरकार उनके सेवा, न्याय और त्याग के सिद्धांतों को अपनाकर जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक उत्थान के दिशा में लगातार काम कर रही है।
पाल-गड़रिया समाज के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
बोर्ड का गठन: समाज की मांग को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पाल-गड़रिया समाज कल्याण बोर्ड गठित करने का निर्णय लिया है।
पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा: मुख्यमंत्री ने समाज के गौ-सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन के जरिए किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाज के उत्थान और राष्ट्र निर्माण पर बल
अखिल भारतीय गड़रिया महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोती श्रीपाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने जनसेवा को ही शासन का मुख्य उद्देश्य माना और देशभर में धार्मिक स्थलों, घाटों और धर्मशालाओं का निर्माण कराया।
उन्होंने बताया कि महासभा युवाओं को शिक्षा, सिविल सेवा परीक्षाओं, कौशल विकास और राजनीति में आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रेरित कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थिति:
समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी, पूज्य संत दादा गुरुजी, पूर्व राज्यसभा सांसद पद्मश्री डॉ. विक्रम महात्मे, समाजसेवी जागृति पाल, राजेश श्रीपाल सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
















