सांसद संतोष पांडेय की पहल : गंभीर बीमारी से जूझ रहे ग्रामीण को मिली 3 लाख की संजीवनी

कवर्धा। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय की संवेदनशीलता एक बार फिर एक जरूरतमंद परिवार के लिए मददगार साबित हुई है। सांसद के विशेष प्रयासों के चलते कवर्धा ब्लॉक के ग्राम झलका निवासी दिनेश मोहले को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।
सांसद ने प्रधानमंत्री को लिखा था पत्र
ग्रामीण दिनेश मोहले वर्तमान में किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं और रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उन्हें जल्द से जल्द किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इस महंगे इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ था। समस्या की जानकारी मिलते ही सांसद संतोष पांडेय ने तत्काल कदम उठाते हुए 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर विशेष आर्थिक सहायता का अनुरोध किया था।
पहले भी दिला चुके हैं कई मरीजों को मदद
सांसद की इस त्वरित पहल पर केंद्र सरकार ने संज्ञान लिया और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से उपचार हेतु राशि जारी कर दी। इस सहायता राशि से अब दिनेश के किडनी ट्रांसप्लांट का रास्ता साफ हो गया है। गौरतलब है कि सांसद पांडेय इससे पहले भी क्षेत्र के कई गंभीर मरीजों को शासन की विभिन्न योजनाओं और राहत कोष से आर्थिक मदद दिलवा चुके हैं।
परिजनों ने जताया आभार
इस बड़ी राहत के लिए मरीज के परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद संतोष पांडेय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में मिली यह मदद उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
















