टॉप न्यूज़

सीजेपी कोर कमेटी की दो दिवसीय बैठक शुरू, युवाओं के मुद्दों पर दबाव समूह के रूप में काम करेगी पार्टी

मुंबई (एजेंसी)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनका संगठन फिलहाल एक प्रेशर ग्रुप (दबाव समूह) की भूमिका निभाएगा। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद पार्टी ने युवाओं से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों और भविष्य के कदमों पर मंथन करने के लिए दो दिन की कोर कमेटी बैठक का आयोजन किया है।

बैठक की शुरुआत से पहले पत्रकारों को संबोधित करते हुए दीपके ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर का प्रदर्शन केवल दिल्ली तक सीमित न रहकर देशभर के युवाओं की आवाज बन चुका है। आंदोलन के सफल रहने से संगठन के प्रति जनता का भरोसा और जिम्मेदारियां दोनों बढ़ गई हैं। इसी को देखते हुए बैठक के दौरान युवाओं के अधिकार, देश की आर्थिक स्थिति और परिसीमन जैसे गंभीर विषयों पर आगे का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसके अलावा, झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलनों का समर्थन करने के लिए सीजेपी की एक टीम वहां का दौरा भी करेगी।

चुनावी राजनीति में उतरने के सवाल पर दीपके ने कहा कि आज प्रशासनिक, राजनीतिक और मीडिया संस्थाओं से आम जनता का भरोसा उठ रहा है। वर्तमान स्थिति में सुधार और लोकतंत्र में विश्वास बहाल करने के लिए व्यापक जनआंदोलन की सख्त जरूरत है।

वहीं, पार्टी प्रवक्ता सौरभ दास ने पिछले संसद मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया कार्रवाई और लाठीचार्ज हुआ था। उस समय पार्टी प्रतिनिधिमंडल सरकार से बातचीत में लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि इस बैठक में पुलिस कार्रवाई के प्रभाव पर चर्चा करने के साथ-साथ आंदोलन के अगले चरण और देशभर में संगठन के विस्तार की योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button