आतंकी गोलीबारी में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, सुरक्षा बलों ने शुरू किया व्यापक सर्च ऑपरेशन

श्रीनगर (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके में शुक्रवार रात हुए आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
इस कायराना हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भोपिंदर के रूप में हुई है। घटना रात लगभग 8:30 बजे की है, जब आतंकियों ने इन मजदूरों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इस घटना के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) का हाथ हो सकता है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उपराज्यपाल ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट लेते हुए सुरक्षा बलों को दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और उन्हें जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
















