मुख्यमंत्री आवास में मनाई गई विश्वकर्मा जयंती, सीएम साय ने प्रदेश के शिल्पकारों और श्रमिकों का जताया आभार

रायपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शासकीय निवास पर सृजन एवं निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने पूजा के दौरान राज्य की प्रगति, खुशहाली और निरंतर समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएम साय ने राज्य के सभी नागरिकों—विशेष रूप से कारीगरों, श्रमिकों, इंजीनियरों, शिल्पकारों और तकनीशियनों—को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा कर्मनिष्ठा, हुनर और उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। यह पर्व न केवल हमारी परंपरा का हिस्सा है, बल्कि यह मेहनत और हुनर का सम्मान करने का भी दिन है।
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि किसी भी देश या राज्य की तरक्की के पीछे उसके श्रमिकों और तकनीशियनों का सबसे बड़ा योगदान होता है। पारंपरिक शिल्पकारों से लेकर modern टेक्नोलॉजी से जुड़े युवाओं तक, सभी मिलकर राज्य के विकास को गति दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि श्रम केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार है। आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए अनुशासन, लगन और नई तकनीकों को अपनाना बेहद आवश्यक है।
















